लखनऊ।50 ग्रामीण महिलाओं को मिला कौशल विकास प्रशिक्षण का अवसर, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

50 ग्रामीण महिलाओं को मिला कौशल विकास प्रशिक्षण का अवसर, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

लखनऊ। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र, डालीगंज में कौशल सुधार प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित कुल 50 महिलाओं को 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 10 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। इसमें 25 महिलाओं को कौशल सुधार (एससीएसपी) प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जूट बैग निर्माण तथा 25 महिलाओं को कौशल सुधार (सामान्य) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत चिकनकारी का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाएं प्रशिक्षण के माध्यम से अपने कौशल को विकसित करें और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं का रोजगार स्थापित करें। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया।

पूर्व उप निदेशक, सूचना विभाग श्रीमती मधु तांबे ने प्रशिक्षणार्थियों को उद्योग एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, लखनऊ अवधेश कुमार गौतम ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के माध्यम से उद्यम स्थापना एवं वित्त पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र की प्राचार्य श्रीमती तनुजा ने कौशल सुधार प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की और प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ सहायक शिशुपाल सिंह तथा औद्योगिक सहकारी पर्यवेक्षक जितेन्द्र नाथ शुक्ल सहित केंद्र के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *