ग्रामीण पत्रकारों ने एकजुटता और निष्पक्ष पत्रकारिता का लिया संकल्प
परिचय पत्र वितरण कार्यक्रम में पत्रकारों की समस्याओं पर हुई चर्चा
संजीव सिंह रसड़ा बलिया । प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के सदस्यों को परिचय पत्र वितरित करने का कार्यक्रम रविवार को स्टेशन रोड स्थित संगठन के कार्यालय पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष मतलूब अहमद ने की। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह, मंडल प्रभारी दिग्विजय सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत पाठक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता कठिन दौर से गुजर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद जनता की समस्याओं और प्रशासन की खामियों को प्रमुखता से उठाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को किसी राजनीतिक दल का प्रवक्ता बनने के बजाय निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ अपनी लेखनी चलानी चाहिए।
वक्ताओं ने बलिया के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पत्रकारों के प्रवेश पर प्रतिबंध से संबंधित जारी परिपत्र पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों के विरुद्ध लिए गए ऐसे निर्णय का संगठन एकजुट होकर विरोध करेगा। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को पूर्वाग्रह और चाटुकारिता से दूर रहकर जनता के सवालों को मजबूती से उठाना होगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकारों को अपने अधिकारों और समस्याओं के लिए स्वयं संगठित होकर संघर्ष करना होगा। बड़े मीडिया समूह अक्सर ग्रामीण पत्रकारों की परेशानियों और संघर्षों में अपेक्षित सहयोग नहीं करते। ऐसे में पत्रकारों को आपसी एकता बनाए रखने के साथ ही जनता से निरंतर संवाद और संपर्क कायम रखना चाहिए।
कार्यक्रम में हरिंदर वर्मा, श्यामकृष्ण गोयल, कृष्णा शर्मा, सीताराम शर्मा, डॉ. जीसी शर्मा, भगवान पांडेय, शकील अहमद अंसारी, गोपाल जी, कमलेश यादव, विकास वर्मा, अजीत कुमार, पिंटू पांडेय, मनोज कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश वर्मा और संजय शर्मा सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
























