डीएम व एसएसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बदायूँ–बरेली बॉर्डर मार्ग व कांवड़ केंद्र पर श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
बदायूँ,। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गुरुवार को पुलिस लाइन चौराहा से बदायूँ–बरेली बॉर्डर मार्ग तथा कांवड़ केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे, यातायात सुचारु रूप से संचालित हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर एडीएम (प्रशासन) अरुण कुमार, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, थाना प्रभारी बिनावर नीरज मलिक सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
























