जौनपुर में 9 अगस्त को होगी चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

जौनपुर में 9 अगस्त को होगी चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 300 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा

जौनपुर। योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन के तत्वावधान में तथा मीरा वेलफेयर फाउंडेशन, जौनपुर के सहयोग से 9 अगस्त 2026 (रविवार) को मोहम्मद हसन पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जनपद के करीब 70 विद्यालयों के 300 से अधिक खिलाड़ी भाग लेकर अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

ऋषि योगा संस्थान, गोसाई मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था की अध्यक्ष एवं योग प्रशिक्षक रजनी साहू ने बताया कि योगासन अब केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से उभरता हुआ प्रतिस्पर्धात्मक खेल बन चुका है। प्रतियोगिता का उद्देश्य जनपद की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। योग के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जिसके चलते विद्यालयों में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

रजनी साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में 8 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं विभिन्न वर्गों में प्रतिभाग करेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार, मेडल तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

उन्होंने जनपद के विद्यालयों, अभिभावकों, खेल प्रशिक्षकों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक बच्चों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए प्रेरित करने की अपील की, ताकि जौनपुर की प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकें।

पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने मीडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग एवं खेल संस्कृति के प्रचार-प्रसार में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मीडिया के सहयोग से जन-जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर महासचिव डॉली गुप्ता, सचिव मधु गुप्ता, इंदिरा जायसवाल, कोषाध्यक्ष रचित साहू, सहकार भारती जौनपुर के अध्यक्ष कुँवर प्रदीप सिंह रिंकू, रामजी साहू, तनुष्का साहू सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *