झांसी में दर्दनाक हादसा अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान समेत दो की मौत, जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था
मुजीब खान
झांसी । उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कुख्यात माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त अहजम उर्फ सोनू की मौत हो गई। दोनों प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि प्रयागराज से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने अबान अहमद और अहजम को मृत घोषित कर दिया। घायलों में मोहम्मद जैद, उमर समेत अन्य शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में अतीक अहमद के बेटे सहित दो लोगों की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गौरतलब है कि अतीक अहमद का बेटा अली अहमद 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जिला जेल स्थानांतरित किया गया था। अबान उसी से मुलाकात करने के लिए झांसी जा रहा था। यह अतीक परिवार से जुड़ा झांसी का तीसरा बड़ा घटनाक्रम है। इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को अतीक के बेटे असद अहमद का झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में एसटीएफ द्वारा एनकाउंटर किया गया था। अब उसी परिवार के एक और सदस्य की सड़क हादसे में मौत ने प्रदेशभर का ध्यान झांसी की ओर खींच लिया है।

