कांवड़ियों की सुविधा के लिए नगर पंचायत उसावां ने बनाया विश्राम गृह, चेयरपर्सन प्रियंका सिंह चौहान ने किया उद्घाटन
मंगलवार बाजार में श्रद्धालुओं को मिलेगी आराम, पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाएं
उसावां (बदायूं)। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत उसावां द्वारा मंगलवार बाजार में कांवड़ियों के लिए एक नवीन विश्राम गृह का निर्माण कराया गया। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रियंका सिंह चौहान ने फीते की गांठ खोलकर विश्राम गृह का उद्घाटन किया और इसे श्रद्धालुओं को समर्पित किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चेयरपर्सन प्रियंका सिंह चौहान ने कहा कि उनकी सोच समाज को जोड़ने और विकास के कार्यों को आगे बढ़ाने की है। उन्होंने कहा, “हम काटने का नहीं, जोड़ने का काम करते हैं। फीते की गांठ खोलकर यह संदेश दिया है कि समाज में भाईचारा और सौहार्द बना रहे। उन्होंने कहा कि सावन में बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले कांवड़िए उसावां होकर गुजरते हैं। उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पंचायत ने विश्राम गृह की व्यवस्था की है, जहां श्रद्धालु विश्राम कर सकेंगे तथा आवश्यक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। नगर पंचायत के इस प्रयास की स्थानीय लोगों एवं शिवभक्तों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि विश्राम गृह बनने से कांवड़ यात्रा के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी और नगर पंचायत की यह पहल सेवा एवं जनहित का सराहनीय उदाहरण है। उद्घाटन के दौरान नगर पंचायत सभासद प्रेमपाल सिंह , महावीर , राजकुमार , ध्रुव चौहान, पवन कुमार गुप्ता , तुलसी राठौर , ओमेंद्र कश्यप ,धनवेश कश्यप , सेवाराम किशोर चौहान श्रीकृष्ण गुप्ता,सहित काफी लोग मौजूद रहे।
























