बदायूँ।उसावां में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, स्कूल की किताबें लेने आया था बाजार

उसावां में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, स्कूल की किताबें लेने आया था बाजार
उसावां (बदायूं)। उसावां ब्लॉक स्थित साधन सहकारी समिति वीरमपुर भदेली खाद गोदाम के सामने शुक्रवार को एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान उसके पास मिले बैंक पासबुक और आधार कार्ड के आधार पर सुधीर (35) पुत्र टीकाराम, निवासी ग्राम दसिया के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर मृतक के बड़े भाई शिशुपाल सहित गांव के कई लोग अस्पताल पहुंच गए।
परिजनों ने बताया कि सुधीर शुक्रवार को उसावां बाजार अपने बच्चों के लिए स्कूल की किताबें और कुछ दवाइयां खरीदने आए थे। इसी दौरान वह सहकारी समिति के गोदाम के पास बेहोशी की हालत में मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
सुधीर अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों—तीन बेटियां एवं दो बेटे—को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *