बदायूँ।श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

कछला गंगा घाट व कांवड़ मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण, “Zero Incident, Zero Accident” लक्ष्य के साथ अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट तथा कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर नौकायन कर घाट क्षेत्र का अवलोकन किया तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एम्बुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, विश्राम स्थल, सीसीटीवी कैमरे तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि नियमित निगरानी करते हुए किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ एवं सतर्क रखी जाएगी। यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों तथा कछला गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *