रसड़ा सेंट मैरिज स्कूल में 1300 छात्रों ने दी अखिल भारतीय राजभाषा हिंदी ओलंपियाड परीक्षा; प्रदेश में सर्वाधिक भागीदारी
संजीव सिंह रसड़ा (बलिया)। सेंट मैरिज स्कूल, रसड़ा में महात्मा गांधी राजभाषा हिंदी प्रचार संस्था द्वारा आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा हिंदी ओलंपियाड परीक्षा का शुभ एवं सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में विद्यालय के लगभग 1300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे इस विद्यालय ने पूरे प्रदेश में सर्वाधिक प्रतिभागिता का गौरव हासिल किया।
परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं जागरूकता विकसित करना, राष्ट्रभाषा हिंदी के महत्व से परिचित कराना तथा आधुनिक युग में हिंदी के बढ़ते उपयोग और महत्त्व को समझाना बताया गया। बच्चों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ परीक्षण में हिस्सा लेकर हिंदी के प्रति अपनी रुचि और निष्ठा का परिचय दिया।
विद्यालय के मैनेजर फादर जॉन अब्राहम, प्रधानाचार्या सिस्टर मर्सी दास और उप-प्रधानाचार्या सिस्टर बेनेडिक्ट के मार्गदर्शन में परीक्षा का समुचित एवं सुव्यवस्थित संचालन हुआ। अखिल भारतीय राजभाषा हिंदी ओलंपियाड परीक्षा के संचालक पियूष त्रिपाठी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही विद्यालय की शिक्षिकाएँ शशिकला, सुनीता सिंह, हरदीप कौर, लीला चौहान, लाखन सिंह तथा उदय प्रजापति ने विद्यार्थियों को प्रेरित करने और परीक्षा संचालन में सराहनीय योगदान दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भविष्य में भी हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के शैक्षिक कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे। आयोजन की सफलता से विद्यालय एवं स्थानीय शैक्षिक माहौल में हिंदी के प्रति और भी व्यापक जागरूकता उत्पन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है।
























