मलप हरसेनपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
बारिश भी नहीं रोक सकी श्रद्धालुओं का उत्साह, ‘हरे कृष्ण-हरे राम’ के जयघोष से गूंजा गांव
संजीव सिंह, नगरा (बलिया)। मलप हरसेनपुर गांव में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की गई। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ की रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया।
रथयात्रा का शुभारंभ पूर्व प्रधान प्रतिनिधि श्रवण कुमार सिंह ने नारियल फोड़कर एवं भगवान जगन्नाथ की आरती कर किया। उनके साथ अन्य गणमान्य लोगों ने भी रथ की रस्सी खींची। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
यात्रा के दौरान अचानक हुई बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। भक्त बारिश में भी “हरे कृष्ण… हरे राम…” के महामंत्र और भजन-कीर्तन के साथ झूमते हुए भगवान जगन्नाथ का गुणगान करते रहे। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और जयघोष से गांव गूंज उठा।
रथयात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर सुख-समृद्धि की कामना की। स्थानीय लोगों के अनुसार, आयोजन में क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा गांव धार्मिक आस्था और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय प्रशासन, सामाजिक संगठनों और ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई इस रथयात्रा ने श्रद्धालुओं के मन में गहरी धार्मिक आस्था और उत्साह का संचार किया।
























