दो माह में ही नई सड़क पर जलभराव, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
हल्की बारिश में भर रहा पानी, ग्रामीणों ने जांच और स्थायी जलनिकासी व्यवस्था की उठाई मांग
संजीव सिंह, बलिया। मलप हरसेनपुर चट्टी से तियरा हैदरपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के निर्माण के महज दो माह बाद ही उस पर जलभराव की समस्या सामने आने लगी है। हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाने से स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान समतलीकरण और जलनिकासी व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के सामने पानी और कीचड़ फैलने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ है तो जलनिकासी की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई। उनका कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाएगा।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
























