सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं 46 शिकायतें, कहा— फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
4 मामलों का मौके पर निस्तारण, भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम को निष्पक्ष जांच के निर्देश
बदायूं। तहसील बिल्सी में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अवनीश राय ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें तथा अनुपालन आख्या समय पर उपलब्ध कराएं।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 46 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंपा गया। प्राप्त शिकायतों में 24 राजस्व, 12 पुलिस तथा 10 अन्य विभागों से संबंधित थीं।
इस दौरान भूमि की पैमाइश, चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने सहित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने भूमि विवादों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर निष्पक्ष जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बिल्सी, तहसीलदार बिल्सी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
























