जौनपुर में 9 अगस्त को होगी चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 430 प्रतिभागियों का लक्ष्य

जौनपुर में 9 अगस्त को होगी चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, 430 प्रतिभागियों का लक्ष्य

जौनपुर। योगा फेडरेशन जौनपुर की कोर कमेटी की बैठक जिलाध्यक्ष रजनी साहू की अध्यक्षता में शहर के एक होटल में आयोजित हुई। बैठक में आगामी चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रजनी साहू ने बताया कि योगा फेडरेशन द्वारा पूरे प्रदेश में योगासन प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाता है। इसी क्रम में जनपद जौनपुर में चौथी बार यह प्रतियोगिता 9 अगस्त (रविवार) को मोहम्मद हसन डिग्री कॉलेज के सभागार में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रतियोगिता में 267 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 430 प्रतिभागियों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों से संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

प्रतियोगिता में 8 वर्ष से 25 वर्ष तक के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन सब जूनियर ग्रुप A, B, C, जूनियर ग्रुप A, B तथा प्रोफेशनल ग्रुप में किया जाएगा। निष्पक्ष निर्णय के लिए इस बार भी राष्ट्रीय स्तर के पांच रेफरी आमंत्रित किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

बैठक में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के नामों पर भी चर्चा हुई। संबंधित पदाधिकारियों को उनसे सहमति प्राप्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। रजनी साहू ने कहा कि पिछले वर्ष सभी के सहयोग से प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन हुआ था, जिसके लिए उन्होंने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

बैठक में कोषाध्यक्ष रचित साहू, ऋषि कुमार, सन्नी यादव, तनुष्का साहू, प्रियांशी प्रजापति, अनुष्का साहू, नितेश मौर्य, लकी साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में महासचिव डॉली गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *