बदायूं पुलिस का अभियान जारी: 4 वारंटी गिरफ्तार, शांति भंग करने के आरोप में एक हिरासत में
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया।
हजरतपुर पुलिस ने गैर जमानती वारंट (NBW) के तहत वांछित अभियुक्ता प्रीति पत्नी रामबाबू, निवासी बवनपुरा (हाल निवासी हल्द्वानी, उत्तराखंड) को उसके वर्तमान पते से गिरफ्तार किया। अभियुक्ता पोक्सो एक्ट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं से संबंधित मामले में वांछित थी। पुलिस ने उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में पेश किया।
वहीं जरीफनगर पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर रामलाल, श्रीकिशन और ताराचंद, निवासी ग्राम कुंवरपुर चांदन, को उनके घर से गिरफ्तार किया। तीनों अभियुक्त मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी से जुड़े मुकदमे में वांछित थे। सभी को न्यायिक मजिस्ट्रेट, सहसवान के समक्ष पेश किया गया।
इसके अलावा उघैती थाना पुलिस ने ग्राम अमानाबाद मजरा खण्डुआ में विवाद कर शांति व्यवस्था भंग कर रहे अवनीश पुत्र जयपाल को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
























