मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का भव्य शुभारंभ — सीयर में सजीव प्रसारण के साथ शिक्षण परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा उपहार
संजीव सिंह सीयर (बलिया)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चालू की गई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का भव्य शुभारंभ बुधवार को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर किया गया, जिसका सीधा प्रसारण जनपद बलिया के विकास खंड सीयर स्थित हरिकेवल प्रसाद सभागार में दिखाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील चौबे के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशक, परिचारक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षक-कर्मचारियों तथा संबंधित स्टाफ ने बड़ी संख्या में भाग लिया और योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्राप्त कर लाभ लेने की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी और पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्य मंत्री अनिल राजभर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सीयर के कार्यक्रम का औचित्य बढ़ाते हुए माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद प्रमुख अतिथियों का पुष्पमाला व अंगवस्त्र से गरिमामयी स्वागत कर अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में क्षेत्रीय विधायक हंसु राम ने इस योजना को शिक्षण परिवार के लिये ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी बताया तथा कहा कि शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आवश्यक समय पर शिक्षकों व उनके आश्रितों को आर्थिक और मानसिक सहारा प्रदान करेगी। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील चौबे ने सभी पात्र शिक्षकों से समय पर पंजीकरण कराकर कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्राप्त करने तथा योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
विधायक हंसु राम ने कार्यक्रम में अपने करकमलों से दिलीप कुशवाहा, आशुतोष तरुण पाण्डेय, नितीश त्रिपाठी, राजेश कुमार जायसवाल, उदय प्रताप यादव, अभय चौहान, श्वेता वर्मा, चांदनी जायसवाल, आशा देवी, खुशबू कन्नौजिया, तन्नू शुक्ला एवं सौरभ सिंह को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किया। दो महाविद्यालयों के प्रबंधक टी. एन. मिश्रा व अरबाज खान तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अशोक यादव ने भी योजना की उपयोगिता पर जोर देते हुए सभी पात्र लाभार्थियों से इसे लेने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, परिचारक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षक, रसोइये तथा शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। एआरपी राकेश कुमार वर्मा समेत अनेक शिक्षाकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नन्दलाल शर्मा ने सफलतापूर्वक किया। अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा परिवार की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में प्रदेश सरकार की एक संवेदनशील और दूरदर्शी पहल करार दिया।
























