भाजपा निशिकांत दुबे पर तत्काल कार्रवाई करे: सुशील पाण्डेय कान्हजी
बलिया।संजीव सिंह
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने भाजपा से सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश के ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अपने नेताओं से भड़काऊ और अमर्यादित बयान दिलवा रही है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में कान्हजी ने कहा कि देश इस समय राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं, छात्रों-युवाओं के आंदोलनों, पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और डीजल-पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण जैसे गंभीर मुद्दों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के उद्देश्य से विवादित बयान दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद निशिकांत दुबे का हालिया बयान इसी प्रवृत्ति का उदाहरण है। कान्हजी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का राजनीतिक जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की राजनीति के लिए जाना जाता है। उनकी बढ़ती जनस्वीकार्यता से भाजपा असहज है, इसलिए उनके खिलाफ अनर्गल और अमर्यादित टिप्पणियां कराई जा रही हैं, जो पूरी तरह निंदनीय हैं।
सपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर अभद्र और असंसदीय भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। ऐसे बयान सामाजिक और राजनीतिक वातावरण को भी प्रभावित करते हैं।
सुशील पाण्डेय कान्हजी ने भाजपा से स्पष्ट रुख अपनाते हुए सांसद निशिकांत दुबे के विरुद्ध तत्काल प्रभावी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा बनाए रखने और अमर्यादित राजनीति पर रोक लगाने के पक्ष में हैं।
























