बलिया।बजरंग दल सेवा सप्ताह: निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के साथ 110 पौधों के रोपण व वितरण अभियान का शुभारंभ

बजरंग दल सेवा सप्ताह: निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के साथ 110 पौधों के रोपण व वितरण अभियान का शुभारंभ

संजीव सिंह, रसड़ा (बलिया)। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा आयोजित सेवा सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को रसड़ा नगर के रूपी मोहल्ला, वार्ड संख्या-25 स्थित नगर मिलन प्रमुख दीपक श्रीवास्तव के आवास परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के साथ 110 वृहद पौधारोपण एवं पौधा वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बजरंग दल बलिया विभाग संयोजक दीपक गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। केंद्रीय निर्देशानुसार बजरंग दल ने पूरे बलिया जनपद में 10 हजार पौधे लगाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सेवा सप्ताह के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज सेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर लोगों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

कार्यक्रम में जिला सहसंयोजक विपिन कुमार, रसड़ा नगर उपाध्यक्ष कृष्णा गुप्ता, नगर संयोजक आशीष मौर्य, कार्यकर्ता विशाल, त्रिलोकी, बिट्टू, नवीन और आदित्य सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

अंत में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने जनपदवासियों से पर्यावरण संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि यह अभियान जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *