बदायूं में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, शादी तय होने के बाद विवाद बना हत्या की वजह
बदायूं। जनपद के बिल्सी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने किशोरी की चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या की थी।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम रामपुर टांडा निवासी वेलावती ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री की हत्या के संबंध में थाना बिल्सी में तहरीर दी। इसके आधार पर थाना बिल्सी में ग्राम रामपुर टांडा निवासी जुगेन्द्र पुत्र हरपाल (22 वर्ष) के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी बिल्सी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी जुगेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आई वजह
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि किशोरी और आरोपी के बीच लंबे समय से परिचय और घनिष्ठ संबंध थे। इसी बीच आरोपी की शादी किसी अन्य स्थान पर तय हो गई, जिससे दोनों के बीच विवाद पैदा हो गया। पुलिस के अनुसार इसी विवाद के चलते आरोपी ने किशोरी की उसकी चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी।

























