आम महोत्सव में भाग लेने के लिए 03 जुलाई को बदायूँ से जाएगी बस
बदायूँ। उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 में भाग लेने के इच्छुक किसानों और बागवानों के लिए उद्यान विभाग ने विशेष बस की व्यवस्था की है।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि 03 से 05 जुलाई तक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में आयोजित होने वाले आम महोत्सव में आम उत्पादक, कृषक, प्रसंस्करणकर्ता, पौधशाला संचालक और कृषक उत्पादक संगठन भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागियों के लिए विभागीय बस 03 जुलाई 2026 की रात्रि 9:00 बजे कलेक्ट्रेट परिसर, बदायूँ से लखनऊ के लिए रवाना होगी।
महोत्सव में आम की उन्नत खेती, नई प्रजातियों, आधुनिक तकनीक, विपणन और प्रसंस्करण पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। साथ ही बागवान और पौधशाला संचालक अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए स्टॉल भी लगा सकेंगे। 04 जुलाई को जन भवन, लखनऊ में आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन भी आयोजित होगा।
























