यूपीटीईटी-2026: डीएम और एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बदायूँ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कक्षों की तैयारियों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटीरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप प्रवेश दिया जाए और परीक्षा के दौरान सतर्कता बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
























