बदायूँ।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से SSP ने की जनसुनवाई की समीक्षा, बेहतर निस्तारण पर अधिकारियों की सराहना

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से SSP ने की जनसुनवाई की समीक्षा, बेहतर निस्तारण पर अधिकारियों की सराहना

जून में जनशिकायतों की संख्या घटी, कुंवरगांव, मूसाझाग और बिल्सी थानों के प्रदर्शन की प्रशंसा

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ जनसुनवाई एवं शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि मई की तुलना में जून माह में जनशिकायतों की संख्या में कमी आई है, जिसे शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण का सकारात्मक परिणाम माना गया।

समीक्षा के अनुसार मई माह में कुल 1387 जनशिकायतें प्राप्त हुई थीं, जबकि जून में यह संख्या घटकर 1346 रह गई। विशेष रूप से थाना कुंवरगांव, मूसाझाग और बिल्सी में शिकायतों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने बेहतर कार्य करने वाले क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, संवेदनशील और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में सभी अधिकारियों को जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *