विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) का शुभारंभ, रोजगार और स्वरोजगार पर दिया गया जोर
महराजगंज (जौनपुर)। ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में गुरुवार को विकास खंड महराजगंज की ग्राम सभा सवंसा में “विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” (वीबी-जी राम जी) का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार करते हुए “हर गांव समृद्ध, हर हाथ को काम, हर परिवार का सम्मान” के संकल्प को साकार करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष यादवेन्द्र प्रताप सिंह ‘लवकुश’, भाजपा मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह तथा ग्राम प्रधान अनामिका सिंह मौजूद रहीं। इनके अलावा तकनीकी सहायक निखिलेश यादव, इंद्रजीत मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
मुख्य अतिथियों ने मिशन की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों को रोजगार, स्वरोजगार तथा आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ग्रामीणों से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मिशन के उद्देश्यों, लाभों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने ग्रामीण विकास को गति देने के लिए जनभागीदारी और सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों ने विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर गांव के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
























