बदायूं में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो सिपाही भी घायल

बदायूं में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो सिपाही भी घायल

बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में विभिन्न क्षेत्रों में डकैती की वारदातों में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जितेन्द्र उर्फ ढालू (35) मारा गया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइन पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान थाना इस्लामनगर क्षेत्र में हुई डकैती की घटनाओं में शामिल गिरोह के मास्टरमाइंड जितेन्द्र उर्फ ढालू निवासी धौलाना, जनपद हापुड़ (हाल पता बनियाठेर, जनपद सम्भल) से पुलिस की मुठभेड़ हो गई।

मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि जितेन्द्र भी गोली लगने से घायल हो गया। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने जितेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि मृतक जितेन्द्र उर्फ ढालू पर बदायूं सहित कई जनपदों में लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

मौके से पुलिस ने एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस तथा अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के संबंध में थाना सिविल लाइन में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *