बदायूँ।25 जुलाई तक पूरी हों कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां, अधिकारियों को डीएम का अल्टीमेटम

25 जुलाई तक पूरी हों कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां, अधिकारियों को डीएम का अल्टीमेटम

30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, 24 अगस्त तक चलेगा आयोजन; छह स्नान घाटों पर विशेष इंतजाम, 331 किमी मार्ग पर रहेगी निगरानी

बदायूं। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अवनीश राय ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी कांवड़ मार्ग का प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाएं।

डीएम ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर लगाए जाने वाले सभी शिविरों की विधिवत अनुमति ली जाए तथा यात्रा को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 24 अगस्त तक चलेगी। इस दौरान कछला समेत जनपद के छह प्रमुख स्नान घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय, गोताखोर, बैरिकेडिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और दिशा-सूचक संकेतक सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वॉच टावर मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर भी जोर दिया गया।

डीएम ने उपजिलाधिकारियों को डीजे संचालकों के साथ बैठक कर निर्धारित ऊंचाई का पालन सुनिश्चित कराने, केवल धार्मिक गीत बजाने तथा शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ शिविरों को सड़क से 10 से 15 फीट की दूरी पर स्थापित करने और शिविर संचालकों द्वारा 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार ने बताया कि सदर उपजिलाधिकारी को मेला अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ रहेगी, जबकि 11 अगस्त को श्रावण मासिक शिवरात्रि पर विशेष स्नान होगा। इसके मद्देनजर रोडवेज बसों के रूट डायवर्जन और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ मार्ग पर मांस-मछली की दुकानें बंद रहेंगी तथा मदिरा दुकानों के संबंध में शासन के निर्देशों का पालन कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग को मार्गों की मरम्मत, विद्युत विभाग को पोलों की सुरक्षा एवं ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेडिंग, पशुपालन विभाग को निराश्रित गोवंश हटाने के लिए कैटल कैचर की व्यवस्था तथा जिला पंचायत राज विभाग को मार्गों की झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए गए।

महिलाओं के लिए स्नान घाटों पर चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। खाद्य सुरक्षा विभाग शिविरों में वितरित होने वाले भोजन की नियमित जांच करेगा। कलेक्ट्रेट, सभी तहसीलों तथा नगर निकायों में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। कांवड़ यात्रा में 106 सिविल डिफेंस स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे। जनपद में कुल 331 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर 123 शिवालय स्थित हैं, जहां विशेष निगरानी और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *