बलिया में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप; निष्पक्ष जांच की मांग
संजीव सिंह, बलिया।
जनपद के नगरा थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में एक वर्ष पूर्व विवाहिता सोनम चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुक्रवार को मायके से ससुराल लौटी सोनम का शव रविवार सुबह घर के अंदर मिला। शव की गर्दन के आसपास चोट व खून के निशान मिलने का दावा करते हुए मायके पक्ष ने इसे हत्या बताया है।
मृतका के भाई सुनील चौहान ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। उनका कहना है कि सोनम बेहद शांत स्वभाव की थी और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगरा पुलिस द्वारा उनसे मनमाफिक तहरीर लिखवाने का दबाव बनाया गया तथा ग्राम प्रधान की ओर से समझौते का दबाव डाला गया।
वहीं नगरा पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विधिक जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा। पुलिस ने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार के दबाव या अनुचित व्यवहार की शिकायत सामने आती है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच की जाएगी।
घटना के बाद डुमरिया गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र रहे। पुलिस तथा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, मृतका के परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
























