बदायूँ।जिला सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं से पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों को मिल रहा लाभ

जिला सैनिक कल्याण विभाग की योजनाओं से पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों को मिल रहा लाभ

बदायूँ। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं के माध्यम से पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को लाभान्वित किया जा रहा है। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित सत्यापन एवं अग्रसारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने बताया कि केन्द्रीय सैनिक बोर्ड की पुत्री विवाह अनुदान योजना के अंतर्गत कुल पांच आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए, जिनमें से एक पात्र लाभार्थी को 50 हजार रुपये की अनुदान राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त दो अन्य पात्र आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें केन्द्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली को प्रेषित किया गया है तथा उनकी स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।

उन्होंने बताया कि शिक्षा अनुदान योजना के अंतर्गत 98 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए, जिनमें से 93 लाभार्थियों के आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें केन्द्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली को अग्रसारित किया गया है तथा उन्हें स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत छह आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से तीन लाभार्थियों के आवेदन केन्द्रीय सैनिक बोर्ड द्वारा स्वीकृत किए जा चुके हैं।

इसके अतिरिक्त राज्य सैनिक पुनर्वास निधि से संचालित छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत प्राप्त दो आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें राज्य सैनिक पुनर्वास निधि, लखनऊ को प्रेषित किया गया है।

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग द्वारा पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *