बदायूँ।बाइक-टेंपो की टक्कर के बाद दो पक्षों में पथराव, पांच घायल, नौ हिरासत में

बाइक-टेंपो की टक्कर के बाद दो पक्षों में पथराव, पांच घायल, नौ हिरासत में

बदायूं। जनपद के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के कस्बा इस्लामनगर के मोहल्ला कुरैशियां में शुक्रवार को बाइक और टेंपो की मामूली टक्कर ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, मछली लेकर मोहल्ला कुरैशियां पहुंचे एक टेंपो की टक्कर यावर पुत्र कल्लू की बाइक से हो गई। शुरुआत में दोनों पक्ष बाइक की मरम्मत कराने पर सहमत हो गए थे, लेकिन तुरंत मरम्मत कराने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के याकूब द्वारा टेंपो चालक का पक्ष लेने पर कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट व पथराव तक पहुंच गया।

पथराव में आरिफ, आमिर, इमरान, बबलू और फारुख घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन भेजा गया, जहां से तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, टेंपो चालक घटना से पहले ही मौके से चला गया था और उसका किसी पक्ष से विवाद नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच चिकन की दुकानों को लेकर पहले से ही विवाद और मनमुटाव चला आ रहा था। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है तथा पुलिस मामले की गहन जांच कर विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *