NALSA (DAWN) स्कीम के तहत नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में NALSA (DAWN) स्कीम 2025 के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनहट एवं सरोजनी नगर में नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उपलब्ध कानूनी सहायता एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी प्रदान करना था।
यह आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मलखान सिंह के मार्गदर्शन एवं सचिव श्री कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर का संचालन पराविधिक स्वयं सेवक राजेश कुमार एवं दयाराम मौर्य द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही नशे से संबंधित कानूनों, नशा पीड़ित व्यक्तियों को उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श सेवाओं एवं पुनर्वास योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि NALSA (DAWN) स्कीम 2025 का उद्देश्य नशे की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा प्रभावित व्यक्तियों को कानूनी सहायता एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना है।
पराविधिक स्वयं सेवक दयाराम मौर्य ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास, जागरूकता और समय पर परामर्श अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिनहट में चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कारूष, डॉ. शोभना यादव, परामर्शदाता गोपाल यादव, सिद्धेश्वर मिश्रा, राहुल यादव एवं रविषेक यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरोजनी नगर में अधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार भार्गव, आशा वर्कर एवं एएनएम ने सहभागिता की।
























