विकास और जनसमस्याओं को लेकर निजामाबाद में लालू मिश्रा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
उपेन्द्र कुमार पांडेय
आजमगढ़: जनपद के निजामाबाद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अरुण कुमार मिश्रा उर्फ़ लालू मिश्रा ने सोमवार को शेरपुर तिराहा स्थित अंबेडकर पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने के पहले दिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और मंच से अपनी समस्याएं व सुझाव रखे।
आंदोलन में मुख्य रूप से निजामाबाद-भद्दुली व रानी की सराय-निजामाबाद मार्ग के चौड़ीकरण, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त बिजली, सार्वजनिक शौचालय और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई गई। धरने का नेतृत्व कर रहे लालू मिश्रा ने कहा कि जब तक इन मांगों पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान निजामाबाद से भद्दुली पुल तक पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर समर्थन दिया।
























