बदायूँ।जमीन विवाद में हत्या का खुलासा, लाइसेंसी बंदूक समेत आरोपी गिरफ्तार

जमीन विवाद में हत्या का खुलासा, लाइसेंसी बंदूक समेत आरोपी गिरफ्तार

बदायूं। थाना वजीरगंज पुलिस ने जमीन विवाद में हुई हत्या की सनसनीखेज घटना का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी दोनाली बंदूक, कारतूस और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम गरुईया निवासी राय सिंह पुत्र दिलीप ने थाना वजीरगंज में तहरीर देकर बताया था कि 17 जून 2026 को उनके पिता दिलीप सिंह यादव अपने पुत्र राजेश के साथ ग्राम बनकोटा में ट्रैक्टर के पंचर टायर को सही कराने गए थे। वापस लौटते समय गांव के ही ज्ञान सिंह पुत्र टीकाराम मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा और अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से गोली मारकर दिलीप सिंह की हत्या कर दी।

वादी ने पुलिस को बताया कि उनका और आरोपी ज्ञान सिंह का जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसकी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। तहरीर के आधार पर थाना वजीरगंज में मुकदमा  दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली संजीव कुमार के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को आरोपी ज्ञान सिंह को ग्राम मेहरा से आने वाले रास्ते पर गंगा एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 12 बोर की लाइसेंसी दोनाली बंदूक, पांच जिंदा कारतूस तथा काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP24AM5864) बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 5/27(1) आर्म्स एक्ट की भी बढ़ोत्तरी की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्ञान सिंह पुत्र टीकाराम निवासी ग्राम गरुईया थाना कुवरगांव जनपद बदायूं के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार थाना वजीरगंज एवं उनकी टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को हत्या के मामले में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *