ऑपरेशन दहन में उत्कृष्ट कार्य पर विशेष लोक अभियोजक माया मोहन पाण्डेय सम्मानित।
शरद बिंद
ज्ञानपुर,भदोही। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 1 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत जनपद भदोही में अवैध मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की महत्वपूर्ण कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। इस अभियान में उत्कृष्ट विधिक योगदान देने वाले विशेष लोक अभियोजक (एनडीपीएस एक्ट) माया मोहन पाण्डेय को पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग के अनुसार, विभिन्न मुकदमों में बरामद अवैध मादक पदार्थों के विधिसम्मत निस्तारण के लिए न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त करने में माया मोहन पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 52ए एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत न्यायालय में प्रभावी पैरवी की, जिसके फलस्वरूप मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकी।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न मामलों से संबंधित लगभग 2132.93 किलोग्राम गांजा, 65 डायजेपाम गोलियां तथा 0.065 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने विशेष लोक अभियोजक माया मोहन पाण्डेय की विधिक दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रभावी पैरवी से अभियान को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करते रहने की अपेक्षा जताई। सम्मान मिलने पर पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
























