जौनपुर।प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर जनकल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेले का आयोजन

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर जनकल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेले का आयोजन

महराजगंज (जौनपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को महराजगंज विकास खंड परिसर में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली गई।

कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया तथा धात्री महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें उपहार वितरित किए गए। जनकल्याण शिविर में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता स्वीकृति प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। ग्राम बनगांव भूमिहार की श्रीमती मनोरमा पत्नी सुशील मिश्र को पांच लाख रुपये, ग्राम बरहूपुर के श्री भूलन पुत्र दुखी को चार लाख रुपये तथा ग्राम बरियारेपुर की निर्मला पत्नी अशोक शर्मा को चार लाख रुपये की सहायता राशि का स्वीकृति पत्र सौंपा गया। वहीं, दैवीय आपदा में गौवंश की क्षति होने पर ग्राम गोंदालपुर के अमित यादव पुत्र श्रीकांत यादव को 30 हजार रुपये की सहायता स्वीकृति का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में नायब तहसीलदार बृजेन्द्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा निषाद, मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष लवकुश सिंह, पंकज सिंह, उन्नत सिंह, अवधेश उपाध्याय, डॉ. सचिन सिंह, निर्भय सिंह, केशव सिंह, अतुल तिवारी, विनोद तिवारी, राम सिंह, उमेंद्र यादव, सरनाम सिंह, धीरज चतुर्वेदी, राहुल मिश्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *