शाहजहांपुर।दो लड़कों की जोड़ी का हश्र देख लिया 2027 में अखिलेश का हाल ममता से भी बुरा होगा : नरेंद्र कश्यप

दो लड़कों की जोड़ी का हश्र देख लिया 2027 में अखिलेश का हाल ममता से भी बुरा होगा : नरेंद्र कश्यप

प्रभारी मंत्री प्रेस वार्ता में गिनाई मोदी सरकार की 12 वर्ष की उपलब्धियां बोले योगी मोदी के अलावा कोई नहीं

मुजीब खान

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजन कल्याण मंत्री एवं जनपद शाहजहांपुर के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप अपने दो दिवसीय दौरे पर शाहजहांपुर में थे। इस दौरान मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जहां उन्होंने सरकार की उपलब्धियां बताते हुए 12 वर्ष सुशासन के बताए वही विपक्षी दलों को भी निशाने पर लेते हुए जमकर उनकी खिंचाई की ।

 मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ‘दो लड़कों की जोड़ी’ का हश्र पहले भी सबको पता है। मंत्री ने दावा किया कि इस बार अखिलेश यादव का हाल ममता बनर्जी से भी बुरा होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार द्वारा लाई गई तस्वीर और लोगों की तकदीर में बदलाव का भी जिक्र किया।

प्रभारी मंत्री ने विपक्ष पर लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारियों को भूलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि जिन 22 राज्यों में विपक्ष सत्ता में हुआ करता था, वहां अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकारें बन गई हैं। मंत्री ने तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी के चुने जाने को सरकार की खूबी बताया और विपक्ष के सत्ता से दूर रहने को उनकी जिम्मेदारियां न निभाने का परिणाम करार दिया। अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने उनके पिछले प्रदर्शन पर सवाल उठाया। उन्होंने याद दिलाया कि यह ‘दो लड़कों की जोड़ी’ 2017, 2019 और 2022 में भी थी, लेकिन परिणाम क्या हुआ, यह सबको पता है। मंत्री के अनुसार, कांग्रेस केवल एक विधायक जीत पाई थी, और समाजवादी पार्टी मुश्किल से अपना अस्तित्व बचा पाई थी।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ सालों में उत्तर प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार के माध्यम से राज्य की तस्वीर और लोगों की तकदीर बदली है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में लोगों ने विकास और विरासत को आगे बढ़ते देखा है। मंत्री ने दावा किया कि यूपी की जनता ने तय कर लिया है कि अब यहां ‘योगी-योगी’ और ‘भाजपा-भाजपा’ के अलावा और कुछ नहीं है। मंत्री ने आगामी चुनावों पर भी बात की, जहां कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा और ओवैसी सहित छोटी पार्टियां भी सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रही हैं। उन्होंने भविष्यवाणी की कि इन सभी पार्टियों का हाल ‘ढाक के तीन पात’ जैसा होगा, और राहुल गांधी की तरह अखिलेश यादव का भी ममता बनर्जी से बुरा हाल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *