लखनऊ में रविवार को संस्कृति स्कूल ऑडिटोरियम कला, संगीत और नृत्य के रंगों से सराबोर नजर आया

लखनऊ में रविवार को संस्कृति स्कूल ऑडिटोरियम कला, संगीत और नृत्य के रंगों से सराबोर नजर आया

उपेन्द्र कुमार पांडेय 

लखनऊ।ग्रैविटी इवेंट्स एंड डांस स्टूडियो की ओर से आयोजित ‘समर फ्लाइट-5 स्टूडेंट्स शोकेस’ में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ऑडिटोरियम तालियों की गूंज से भर गया और हर प्रस्तुति को दर्शकों का भरपूर उत्साह मिला।

पिछले 25 वर्षों से भारतीय कला और संस्कृति को नृत्य के माध्यम से बढ़ावा देने वाली ग्रैविटी इवेंट्स एंड डांस स्टूडियो ने इस मंच के जरिए एक बार फिर युवा प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर दिया। कार्यक्रम में इंडियन क्लासिकल, बॉलीवुड, सेमी-क्लासिकल, कंटेम्पररी, हिप-हॉप, जैज़ और बैले जैसी विभिन्न नृत्य शैलियों की आकर्षक झलक देखने को मिली।

इस भव्य आयोजन का नेतृत्व संस्थापक लक्ष्मी मेहरोत्रा और सचिन मेहरोत्रा ने किया। उनके मार्गदर्शन में तैयार किए गए इस शोकेस में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। मंच पर प्रस्तुत हर नृत्य ने कलाकारों की मेहनत और समर्पण को बखूबी दर्शाया।

कार्यक्रम में किड्स, टीन्स और लेडीज़ बैच के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। वहीं वेन्यू पार्टनर ला जोई प्राइमरी लर्निंग हैबिटेट और संस्कृति स्कूल के छात्रों ने भी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। रंग-बिरंगी वेशभूषा, आकर्षक कोरियोग्राफी और बेहतरीन मंच सज्जा ने आयोजन को और खास बना दिया।

शोकेस को सफल बनाने में इन-हाउस इंस्ट्रक्टर्स अमन, ओम, भूमि और विवेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं गेस्ट इंस्ट्रक्टर्स सनी, आरव, आकाश, रवि, सोना, सचिन और मनीष ने भी अपने अनुभव से कार्यक्रम को नई ऊंचाइयां दीं। मास्टर इंस्ट्रक्टर मोहित सोलंकी, क्यूरेटेड इंस्ट्रक्टर्स शुभम और भानवी का योगदान भी सराहनीय रहा।

शाम का सबसे बड़ा आकर्षण पावर-पैक्ड ‘इंस्ट्रक्टर शोकेस’ रहा, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। आयोजन के अंत में संस्कृति स्कूल के प्रिंसिपल अभिषेक श्रीवास्तव और ला जोई प्राइमरी लर्निंग हैबिटेट की डायरेक्टर आक्शी जे. मेहता के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *