टेंट खोलते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम।
शरद बिंद
ज्ञानपुर,भदोही।गोपीगंज में टेंट खोलने के दौरान ऊपर से गुजर रहे विद्युत हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र यादव उर्फ भीरू (28) पुत्र बुधिराम यादव, निवासी गोपालपुर टेंट व्यवसाय से जुड़े थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे दानिपट्टी-गोपालपुर क्षेत्र में लगाए गए टेंट को खोलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान टेंट का लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार से छू गया, जिससे पाइप में करंट उतर आया और धर्मेंद्र उसकी चपेट में आ गए।
करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़े। साथ मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र मिलनसार स्वभाव के थे और टेंट व्यवसाय के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन शव घर ले गए।
























