बढ़ती महंगाई , नीट पेपर लीक एवं महानगर की सड़कों की जर्जर हालत को लेकर सपा ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
मुजीब खान
शाहजहांपुर। देश में दिन प्रतिदिन बढ़ती महंगाई डीजल पेट्रोल और गैस के प्रतिदिन बढ़ते दाम नीट पेपर लीक मामले सहित महानगर शाहजहांपुर में जर्जर सड़कों को हालत और पुवायां रोड पर नियम विरुद्ध संचालित टोल नाके सहित अन्य समस्याओं के संबंध में आज जिला प्रशासन एवं यूपी सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम एक पांच सूत्रीय ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा आज का प्रदर्शन और जुलूस महानगर अध्यक्ष चौधरी राम कुमार भोजवाल के नेतृत्व में किया गया कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष तनवीर खान भी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए महानगर अध्यक्ष चौधरी राम कुमार भोजवाल ने बताया कि वर्तमान समय में देश एवं प्रदेश की जनता अनेकों गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। जिसमें सबसे बड़ा मामला अभी हाल ही में हुई नीट परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। छात्रों ने वर्षों की मेहनत एवं समय लगाकर परीक्षा की तैयारी की, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत और भविष्य दोनों प्रभावित हुए हैं। यह शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर विद्यार्थियों को न्याय दिलाया जाए। इसके साथ लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। खाद्य पदार्थों सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्ग पर भारी आर्थिक पड़ रहा है।
पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है। जनता को राहत प्रदान करने हेतु इनके दामों में कमी की जाए।
शाहजहांपुर की समस्याओं के संबंध में उन्होंने बताया कि प्रदेश के विकास का सबसे ज्यादा पैसा शाहजहांपुर के विकास के लिए आया हुआ है लेकिन महानगर की सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब एवं जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है तथा आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कार्य के नाम पर शाहजहांपुर की करीब 90 प्रतिशत सड़कों को खोद कर डाल दिया गया जिसपर कछुआ गति से भी कम रफ्तार में काम किया जा रहा जिसमें तेजी लाते शीघ्र ही सभी सड़कों की हालत दुरुस्त की जाए क्योंकि आने वाला मौसम बरसात का है ।
उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी समस्या शाहजहांपुर के पुवाया रोड पर सिधौली के पास महानन्दपुर ग्राम के पास में फर्जी टोल का संचालन किया जा रहा है जिससे जनता व किसानों में भारी रोषण व्याप्त है जिसका निराकरण किया जाना अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री के द्वारा बताया गया कि कोई भी टोल टैक्स की दूरी 60 किलोमीटर से कम नहीं होगी फिर भी नियम विरुद्ध मात्र 20 किलोमीटर की दूरी के अंदर दो टोल नाके संचालित किए जा रहे है जिसे तत्काल बन्द किया जाए
दिए गए ज्ञापन में महामहिम राज्य पाल से मांग करते हुए कहा है कि उपरोक्त समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई करने की कृपा करें, जिससे प्रदेश की जनता एवं विद्यार्थियों को राहत मिल सके।
























