पीलीभीत।शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा ने झोंकी ताकत, हाजी दानिश अख्तर की जीत को लेकर बना रणनीतिक खाका

शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा ने झोंकी ताकत, हाजी दानिश अख्तर की जीत को लेकर बना रणनीतिक खाका

मुजीब खान

पीलीभीत : बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में नेताओं और पदाधिकारियों ने शिक्षक मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने तथा प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की। बैठक की अध्यक्षता बरेली मंडल प्रभारी कुंवर जयेश प्रसाद ने की। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार शिक्षक समाज की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। शिक्षकों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर और संस्थान-स्तर तक पहुंचकर शिक्षक मतदाताओं से संपर्क करने का आह्वान किया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से विधान परिषद में उठाने की क्षमता रखते हैं। इसलिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ चुनाव प्रचार में जुटे तथा शिक्षक मतदाताओं का समर्थन हासिल करे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, मतदाता संपर्क अभियान तेज करने और चुनावी प्रबंधन को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने दावा किया कि शिक्षक वर्ग में पार्टी के प्रति सकारात्मक माहौल है और संगठनात्मक मजबूती के दम पर चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जाएंगे। बैठक में पूर्व मंत्री अनीश अहमद, जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलेश यादव, कमल किशोर कठेरिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *