एमआरपी की भ्रामकता के खिलाफ 12 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत
आजमगढ़। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की एक आवश्यक बैठक हरबंशपुर स्थित डीपीएस स्कूल में जिलाध्यक्ष आशीष सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में खुदरा मूल्य (MRP) के नाम पर उपभोक्ताओं के साथ होने वाली धोखाधड़ी और भ्रम पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।
जिसमें बतौर अतिथि प्रांत संगठन मंत्री नीतीश कुमार पाण्डेय, काशी प्रांत के विस्तारक अनूप सिंह, प्रांतीय रोजगार सृजन विस्तारक अभिषेक सिंह शामिल हुए। बैठक में नए सत्र की कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत संगठन मंत्री ने कहा कि भारी छूट के बहाने एमआरपी बढ़ाकर ग्राहकों को ठगा जा रहा है। इसके खिलाफ उपभोक्ताओं को जागरूक करने के साथ-साथ एक नया व पारदर्शी कानून बनाने की मांग को लेकर संगठन आगामी 12 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर राष्ट्रव्यापी धरना प्रदर्शन करेगा।
जिसमें संगठन की मांग है कि पैकेट पर उत्पाद की असल निर्माण लागत दर्ज हो। कंपनी द्वारा पहली बार बेचे गए माल की कीमत सार्वजनिक की जाए।अधिकतम खुदरा मूल्य तय करने के लिए एक सख्त और तार्किक ऊपरी सीमा निर्धारित करने वाला कानून बने।
इस दौरान उपाध्यक्ष आनन्द गुप्ता, भानु प्रताप सिंह, सहसचिव अजय वर्मा, सचिव आलोक चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष शिवांक सिंह, सुमित पाठक, कृष्ण माधव चौबे, आर्यकांत मिश्रा, संदीप पांडे, विजय गुप्ता, राहुल यादव, रूपेश चंदन आदि उपस्थित रहे।
























