अन्तर जनपदीय खेल प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस बदायूँ का शानदार प्रदर्शन, खो-खो महिला वर्ग में जीता खिताब
बदायूँ। रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित तृतीय अन्तर जनपदीय कबड्डी कलस्टर (महिला/पुरुष) कबड्डी, जिम्नास्टिक, फैंसिंग एवं खो-खो प्रतियोगिता वर्ष-2026 के द्वितीय दिवस खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन खेल भावना एवं अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, दीपेश कुमार पीटीआई, रामदास यादव एनआईएस, रामअवतार पीटीआई, सत्यवीर सिंह यादव एवं जिला व्यायाम शिक्षिका ज्योति सक्सेना की देखरेख में कबड्डी एवं खो-खो मुकाबले आयोजित किए गए।
प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस महिला वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जनपद मुरादाबाद एवं जनपद बदायूँ के बीच खेला गया, जिसमें बदायूँ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13-05 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
वहीं पुरुष वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के प्रथम मुकाबले में जनपद बदायूँ ने जनपद रामपुर को 26-14 के अंतर से हराकर शानदार जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में जनपद मुरादाबाद एवं जनपद बरेली की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें जनपद मुरादाबाद विजयी रहा।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा तथा खेल मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
























