मुख्यमंत्री के सम्मान समारोह के सजीव प्रसारण के बाद गन्ना मंत्री ने किया मेधावियों को सम्मानित
उदय यादव
पीलीभीत । जनपद के गांधी सभागार में आज जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित लोक भवन से आयोजित सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं ने देखा।
समारोह में राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें (उ.प्र.) संजय सिंह गंगवार, जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह उपस्थित रहे। इन सभी ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में जनपद का नाम रोशन करने वाले 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। छात्रों को पगड़ी पहनाकर, मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21-21 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।
हाईस्कूल परीक्षा से प्रांजल मौर्य, यश प्रजापति, युवराज, कृति गोस्वामी, अक्षरा, अंशिका देवी, शिवा कश्यप, राजवीर, आदित्य गंगवार, प्रमोद कुमार, विकास वर्मा, अनामिका वर्मा को सम्मानित किया गया। इसी तरह इंटरमीडिएट से दर्शिका शर्मा, प्रियांशी देवी, ऋषभ भास्कर, नितिन वर्मा, साक्षी, अमन गंगवार, अमन वर्मा, मानवी वर्मा, साक्षी गिहार तथा पंखुड़ी को सम्मान मिला। इस दौरान मेधावियों के अभिभावकों और अध्यापकों को भी शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि आज के मेधावी छात्र ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं। उन्होंने जोर दिया कि प्रदेश सरकार युवाओं को हर संभव मंच और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिलाध्यक्ष और विधायक बरखेड़ा ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने छात्रों को बधाई देते हुए जीवन में समय प्रबंधन और निरंतरता के महत्व को समझाया। उन्होंने छात्रों से अपने लक्ष्य स्पष्ट निर्धारित कर, अनुशासित होकर प्रयास करने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला नोडल अधिकारी माध्यमिक शिक्षा इंतजार खान का सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य भी उपस्थित थे।
























