खम्बे पर चढ़ फाल्ट सही कर रहे थे विद्युत संविदा कर्मी तभी चालू हो गई लाइट एक की मौत दूसरा गम्भीर
बेटी का था जन्मदिन घर पहुंची पिता की दर्दनाक मौत की सूचना से मचा कोहराम
मुजीब खान
शाहजहांपुर : बीती रात नगर के बहादुरगंज पावर हाउस क्षेत्र में जेल रोड पर खम्भे पर चढ़ कर विद्युत फाल्ट ठीक कर संविदा कर्मी की अचानक बिजली सप्लाई चालू कर देने से दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा कर्मी गम्भीर रूप से घायल हो गया जिसका मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है। मृतक कर्मी के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा करते हुए एसडीओ को बंधक बना लिया जिससे बहादुरगंज पावर हाउस में हड़कंप मच गया।
हादसे में हरदोई जिले के शाहाबाद निवासी अनुराग शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनुराग पिछले करीब 20 वर्षों से बहादुरगंज पावर हाउस में तैनात थे। घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे को विभागीय लापरवाही बताते हुए परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीओ को बंधक बना लिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए जांच शुरू कर दी है। अब यह सवाल उठ रहा है कि लाइन बंद किए बिना कर्मचारियों को कार्य पर कैसे लगाया गया और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया।
बेटी का था जन्मदिन, परिजन कर रहे थे इंतजार
हरदोई जनपद के कस्बा शाहाबाद के रहने वाले अनुराग शुक्ला की थाना सदर बाजार क्षेत्र मदराखेल मोहल्ले में कृष्ण कुमार पांडेय के यहां ससुराल है। उनकी बेटी अद्विका का जन्मदिन होने के चलते पत्नी सारिका, पिता विजय कुमार शुक्ला आदि भी यहीं आए थे। अनुराग का परिजन इंतजार कर रहे थे। तभी उनकी मौत की सूचना उनके घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया मासूम बेटी जो पिता के आने पर केक काटकर अपनी बर्थडे सेलिब्रेट करने और पिता से तोहफा मिलने का इंतजार कर रही थी वह पिता की मौत की सूचना से सुध बुध हो गई है।
























