बदायूं में पुलिस मुठभेड़: 3 बदमाश गोली लगने से घायल, 5 गिरफ्तार, चोरी की कई वारदातों का खुलासा
बदायूं। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना इस्लामनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार, चोरी के जेवरात और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बरिया पुल के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर इस्लामनगर थाना पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा हेतु फायरिंग की, जिसमें मनोज, किशनपाल और भूरे के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाशों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, मौके का फायदा उठाकर फरार होने का प्रयास कर रहे दीपक और ओमवीर को भी पुलिस ने घेराबंदी और कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की वारदातों का हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार बदमाशों का गिरोह 19 और 20 मई की रात थाना क्षेत्र के सिठौली गांव तथा इस्लामनगर कस्बे में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल था। आरोपी संभल और हापुड़ जनपदों से आकर खेतों के रास्ते गांवों में प्रवेश करते थे और सुनसान मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम देते थे।
हथियार, जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे, खोखा कारतूस, चोरी के जेवरात तथा भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है और गिरोह के आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम को मिला इनाम
मुठभेड़ और चोरी की घटनाओं के सफल खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाली इस्लामनगर पुलिस टीम को अधिकारियों द्वारा 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























