कछला गंगा घाट हादसा: नहाते समय डूबे भाई-बहन, किशोर की मौत, किशोरी की तलाश जारी; डीएम-एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
बदायूं। गंगा दशहरा पर्व पर कछला गंगा घाट के समीप स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय किशोरी लापता हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, जनपद हाथरस के ग्राम कानू और ग्राम पिछोती से एक ही परिवार के सात लोग गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए बदायूं के कछला घाट पहुंचे थे। बताया जाता है कि सभी लोग निर्धारित घाट पर स्नान करने के बजाय घाट से करीब दो किलोमीटर दूर नरोरा की ओर गहरे पानी में उतर गए। इसी दौरान अचानक सभी लोग डूबने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नाविकों और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। प्रयासों के दौरान पांच लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 15 वर्षीय निलेश और 10 वर्षीय शिखा गहरे पानी में डूब गए। बाद में निलेश का शव बरामद कर लिया गया, जबकि शिखा की तलाश पुलिस, गोताखोरों और फ्लड पीएसी की टीम द्वारा लगातार की जा रही है।
हादसे के बाद जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे केवल निर्धारित एवं सुरक्षित गंगा घाटों पर ही स्नान करें तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं घाटों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को स्नान के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर मोहित कुमार, क्षेत्राधिकारी बिसौली संजीव कुमार तथा प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
























