घर में घुसकर मारपीट, जेवर और नकदी लूटने की वारदात से मचा हड़कंप
एसएसपी अंकिता शर्मा ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा, चार टीमें गठित
बदायूं। जनपद के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के मोहल्ला हाता में मंगलवार-बुधवार की रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि रात के समय चार अज्ञात व्यक्ति घर में घुस आए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए घटना के शीघ्र खुलासे के आदेश दिए।
पुलिस के अनुसार पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना इस्लामनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य तकनीकी और स्थानीय माध्यमों से बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
एसएसपी ने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं वारदात के बाद मोहल्ले के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।
























