नगर पंचायत में भ्रष्टाचार की खुली पोल! एक दिन में टूटी नाली की पटिया, गुणवत्ता पर उठे सवाल
अमर बहादुर सिंह बलिया शहर
नगरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली पर लगाई गई नई पटिया लगाने के महज एक दिन बाद ही टूट गई, जिससे निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 13 में ऋतेश चौरसिया के घर के पास नगर पंचायत द्वारा नाली की पटिया लगाई गई थी। लेकिन पटिया इतनी कमजोर निकली कि एक दिन भी टिक नहीं सकी और टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सरकारी धन से कराए जा रहे कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि निर्माण कार्य मानक के अनुसार हुआ होता तो नई पटिया इतनी जल्दी नहीं टूटती। स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा विकास के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। जनता का आरोप है कि भ्रष्टाचार के कारण सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है और आम लोगों को सुविधाओं के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
























