बदायूँ।उसावां में तेज रफ्तार बस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दिव्यांग चालक गंभीर रूप से घायल

उसावां में तेज रफ्तार बस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दिव्यांग चालक गंभीर रूप से घायल

बदायूँ/उसावां। कस्बे के मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर थाना उसावां के समीप शनिवार को एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा चालक उसमें फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा में फंसे चालक को बाहर निकलवाया। घायल चालक की पहचान अवनीश पुत्र ओंकार निवासी म्याऊं थाना अलापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसावां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि घायल अवनीश दिव्यांग है और ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। हादसे में उसके दूसरे पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है।

पुलिस ने दुर्घटना करने वाली प्राइवेट बस को कब्जे में ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *