बदायूँ।मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से बेटियों का सशक्तिकरण, हजारों लाभार्थियों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से बेटियों का सशक्तिकरण, हजारों लाभार्थियों को मिला लाभ

बदायूँ। जनपद में बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत जन्म से लेकर शिक्षा के विभिन्न चरणों तक बालिकाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जनपद में अप्रैल 2017 से दिसंबर 2025 तक जनपद में कुल 28,417 बालिकाओं को योजना का लाभ प्रदान किया गया है। इस अवधि में लगभग 654.62 लाख रूपये की धनराशि लाभार्थियों के खातों में सीधे हस्तांतरित की गई है। यह योजना बालिकाओं के जन्म, टीकाकरण, विद्यालय में प्रवेश, उच्च शिक्षा आदि विभिन्न चरणों पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराती है, जिससे परिवारों को बेटियों की शिक्षा एवं पालन-पोषण में सहायता मिलती है।

योजना के क्रियान्वयन से न केवल बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिला है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच भी विकसित हुई है। आर्थिक सहायता मिलने से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को विशेष राहत प्राप्त हो रही है, जिससे वे अपनी बेटियों को बेहतर शिक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध करा पा रहे हैं।

जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी संचालन हेतु नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजना से जुड़ सकें। साथ ही, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाकर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करना, उनके स्वास्थ्य एवं शिक्षा को सुदृढ़ करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। जनपद में योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और भविष्य में भी इसका लाभ अधिक से अधिक बालिकाओं तक पहुंचाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *