मनरेगा कर्मचारियों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, कार्य के लिए दबाव न बनाने की मांग
बरसठी (जौनपुर)।प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर विकास खंड बरसठी में ग्राम रोजगार सेवक संघ के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने आज एकत्र होकर ब्लॉक अध्यक्ष सेशन सरोज व जिला अध्यक्ष डी.पी. शुक्ला के नेतृत्व में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुश्री वर्षा वंग को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मनरेगा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को रखते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी ग्राम रोजगार सेवक (GRS) पर कार्य कराने के लिए किसी प्रकार का दबाव न बनाया जाए। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित मानदेय, नियमितीकरण सहित अन्य समस्याओं को लेकर कर्मचारी लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है।
संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से निष्पक्षता बरतने और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करने की अपील की।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से हरी प्रकाश सिंह, वीरेंद्र पटेल, चंद्रशेन, बृजेश, संजय सिंह, भैया लाल, अंजू वर्मा, संगीता पटेल, रीना मौर्या, कंचन गौतम, रामखेलावन, मोहन, रंजीत गौतम, अवध नारायण, हिंचलाल, कालाश पाल, कमलेश यादव, राम अच्छेबर समेत अन्य लोग शामिल रहे।
ज्ञापन सौंपने के बाद जिला अध्यक्ष डी.पी. शुक्ला ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यक हुआ तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
























