अस्त्र शूटिंग रेंज की शानदार उड़ान, हर खिलाड़ी ने बनाया स्टेट में स्थान
मुजीब खान
शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित 29वीं प्री यूपी स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता 2026 में अस्त्र शूटिंग रेंज के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया। शाहजहांपुर के हनुमान धाम, गेट नंबर 2, रेती पुल के पास स्थित यह रेंज नवंबर 2025 में स्थापित हुई है और कम समय में ही एक सशक्त प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उभरकर सामने आई है।
प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर वेपन इवेंट में रेंज के खिलाड़ियों नासिर खान, लक्ष्य शर्मा, सम्राट सिंह, सिद्धि वाजपेई, वृंदा शर्मा और गिरिष्ठा सिंह ने भाग लिया तथा सभी खिलाड़ियों ने स्टेट चैंपियनशिप के लिए सफलतापूर्वक क्वालिफाई किया। यह रेंज प्री स्टेट, स्टेट, प्री-नेशनल, नेशनल, ओपन एवं इंटरनेशनल चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खिलाड़ियों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। अस्त्र शूटिंग रेंज हर आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान करते हुए क्षेत्र में शूटिंग खेल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
रेंज के संस्थापक एवं कोच अभिनव शुक्ला ने बताया कि शूटिंग एक एकाग्रता का खेल है, जिसमें हर परिस्थिति में स्वयं को स्थिर रखते हुए सही तकनीक से निशाना साधना होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले प्रतियोगिताओं में यही खिलाड़ी अपने शहर का नाम और अधिक ऊंचाइयों तक पहुँचाएंगे।
























