बदायूँ जनपद के उसावां ब्लॉक में ग्राम रोजगार सेवकों ने की अनिश्चितकालीन हड़ताल
बदायूं। जनपद के उसावां ब्लॉक परिसर में ग्राम रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें दो साल से अधिक समय से लंबित मानदेय और ईपीएफ के भुगतान की मांग की गई है।
ग्राम रोजगार सेवकों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से अधिक समय से अपने मानदेय और ईपीएफ का इंतजार कर रहे हैं। इस वित्तीय अनियमितता के कारण उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है, जबकि वे लगातार अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते आ रहे हैं। संगठन के माध्यम से सभी ग्राम रोजगार सेवकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि जब तक उनका बकाया मानदेय और ईपीएफ का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वे अपने सभी कार्य बंद रखकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।
यह ज्ञापन खंड विकास अधिकारी के साथ-साथ जिलाधिकारी बदायूं, मुख्य विकास अधिकारी बदायूं, उपायुक्त मनरेगा बदायूं, उप जिलाधिकारी सदर बदायूं और स्थानीय खुफिया इकाई उसावां को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा गया है।
इस अवसर पर नीलेश कुमार, प्रमोद कुमार, संजीव कुमार, विपिन, अनिल कुमार, जगवीर सिंह, रामवीर, अशोक कुमार, भगवान सिंह, वीरेंद्र सिंह, फिराजुल हसन, विमलेश कुमारी और सत्यवीर सहित कई ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।
























